कवर्धा: मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कबीरधाम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना चिल्फी पुलिस ने नागालैंड पासिंग कंटेनर में गुप्त चैंबर के माध्यम से अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे करीब 900 किलोग्राम (9 क्विंटल) गांजे को जब्त किया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि यह खेप ओडिशा से राजस्थान की ओर ले जाई जा रही है। इलाके में घेराबंदी कर संदिग्ध कंटेनर को रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन में बनाए गए विशेष गुप्त चैंबर से 30 बोरियों में 30-30 किलो गांजा बरामद हुआ। तस्करी में प्रयुक्त कंटेनर की कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है, जिसे भी जब्त कर लिया गया।
इस मामले में आरोपी आयाज खान (भरतपुर, राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि वह यह खेप ओडिशा से राजस्थान ले जा रहा था। पुलिस आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
एसपी धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि मादक पदार्थ तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और अभियान लगातार जारी रहेगा।





