May 14, 2026

कबीरधाम में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक ने बाइक सवार दंपती को कुचला, 4 साल का बेटा गंभीर, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कुण्डा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पति-पत्नी को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे में उनका 4 साल का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जमकर प्रदर्शन किया।

जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान कृष्णा आढिले और उनकी पत्नी कीर्ति आढिले के रूप में हुई है। दोनों सारंगढ़ के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह कृष्णा अपनी पत्नी और बेटे के साथ बाइक से ससुराल कोलेगांव जा रहे थे। इसी दौरान कुण्डा थाना क्षेत्र में सामने से आ रहे ट्रक को क्रॉस करते समय बाइक सड़क किनारे गीली मिट्टी में फिसल गई।

बाइक फिसलते ही पति-पत्नी ट्रक के पहिए के नीचे आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनका 4 साल का बेटा दूर जा गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो चुका था। घायल बच्चे को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुण्डा में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हादसे के बाद नाराज ग्रामीणों ने घटना स्थल और कुण्डा थाना के पास चक्काजाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य में लापरवाही का आरोप लगाते हुए ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क के शोल्डर कटिंग में मुरुम की जगह मिट्टी का इस्तेमाल किया गया, जो बारिश के कारण कीचड़ में बदल गई है। इससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।

ग्रामीण ठेकेदार को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े हुए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण ठेकेदार के आने तक प्रदर्शन जारी रखने की बात कह रहे हैं।