March 5, 2026

गांधी की पुण्यतिथि पर अंबिकापुर पहुंचे कन्हैया कुमार, बोले– लोकतंत्र गनतंत्र नहीं बनना चाहिए

अंबिकापुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार को कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार अंबिकापुर पहुंचे। गांधी चौक पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर बापू को श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कन्हैया कुमार ने देश की वर्तमान स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि भारत का लोकतंत्र लोकतंत्र ही बना रहना चाहिए, गनतंत्र नहीं बनना चाहिए, इस पर गंभीरता से सोचने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि देश में लगातार हिंसा और नफरत बढ़ रही है, जिसे रोका जाना जरूरी है और यही महात्मा गांधी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कन्हैया कुमार ने यह भी कहा कि जिस तरह से गोडसे के विचार फैलाए जा रहे हैं, उस पर रोक लगनी चाहिए।

कांग्रेस नेता ने जोर देते हुए कहा कि सत्य, अहिंसा और भाईचारे के गांधीवादी विचारों को अपनाकर ही देश को एकजुट रखा जा सकता है। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ता, स्थानीय नेता और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे और सभी ने बापू के आदर्शों को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी।