July 23, 2026

रायपुर में CA ऑफिस में लाखों की चोरी का खुलासा, पूर्व कर्मचारी निकला मास्टरमाइंड; 7.80 लाख रुपये बरामद

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित सी.ए. तारवानी एंड एसोसिएट्स कार्यालय में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में ऑफिस का पूर्व कर्मचारी ही चोरी का मास्टरमाइंड निकला, जिसने अपने एक साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 7 लाख 80 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, सुंदर नगर निवासी अपर्णा नायक, जो सी.ए. तारवानी एंड एसोसिएट्स कार्यालय में कैशियर के पद पर कार्यरत हैं, ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 21 जुलाई की सुबह कार्यालय का चालक जब ऑफिस पहुंचा तो कैश काउंटर का लॉक कटर से टूटा हुआ मिला। अज्ञात चोर रात के दौरान ऑफिस में घुसकर कैश काउंटर में रखी नगदी लेकर फरार हो गया था।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, कार्यालय के कर्मचारियों से पूछताछ की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

जांच के दौरान पुलिस का शक कार्यालय के पूर्व कर्मचारी उमेश पोर्ते पर गया, जिसे बिलासपुर से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उमेश ने स्वीकार किया कि उसे कार्यालय में रखी नकदी और उसकी व्यवस्था की पूरी जानकारी थी। इसी जानकारी का फायदा उठाकर उसने अपने साथी लक्ष्मीनारायण ध्रुव के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई 7 लाख 80 हजार रुपये की नकद राशि बरामद कर ली है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।