कांकेर, 10 फरवरी 2026: मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत आज शहीद शिवकुमार मंडावी खेल मैदान, गोविंदपुर में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में कुल 251 जोड़े वैदिक रीति-रिवाज के साथ परिणय सूत्र में बंधे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक कांकेर श्री आशाराम नेताम, छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री भरत मटियारा, कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर, जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नव-दम्पतियों को उनके सुखमय वैवाहिक जीवन के लिए आशीर्वाद दिया।
विधायक श्री आशाराम नेताम ने कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए सशक्त सहारा है और बेटियों के सम्मान एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा देती है। कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक नव-विवाहित जोड़े को कन्या विवाह सहायता के रूप में 35 हजार रुपये (वधु के बैंक खाते में डीबीटी) और 1 हजार रुपये परिवहन व्यय के लिए दिए जा रहे हैं, कुल 36 हजार रुपये की मदद प्रदान की जा रही है।
कार्यक्रम में कांकेर परियोजना के 43, चारामा के 30, नरहरपुर के 30, भानुप्रतापपुर के 30, अंतागढ़ के 38, दुर्गूकांेदल के 29, कोयलीबेड़ा के 20 और पखांजूर परियोजना के 31 जोड़े शामिल हुए। इसके अलावा पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, जनप्रतिनिधि, परिजन और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।





