May 15, 2026

कांकेर में NH-30 पर दिखा भालू, सड़क पार करते ही थमे वाहनों के पहिए

कांकेर। गर्मी बढ़ने के साथ वन्य प्राणियों का रिहायशी इलाकों की ओर रुख करने का सिलसिला तेज हो गया है। इसी बीच माकड़ी के पास NH-30 पर एक भालू सड़क पार करता नजर आया, जिससे कुछ देर के लिए यातायात थम गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भालू भोजन और पानी की तलाश में जंगल से बाहर निकलकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर आ गया था। जैसे ही वह सड़क पार करने लगा, वहां से गुजर रहे वाहनों के पहिए थम गए और लोगों ने सुरक्षित दूरी बनाकर इंतजार किया।

इस दौरान एक बस में सवार यात्री ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वन्यजीवों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए स्थानीय लोगों में सतर्कता की जरूरत बताई जा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मी के मौसम में पानी और भोजन की कमी के कारण वन्य प्राणी अक्सर आबादी वाले क्षेत्रों की ओर रुख करते हैं।

प्रशासन और वन विभाग से अपील की जा रही है कि ऐसे क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।