कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के रिहायशी इलाकों में भालुओं की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। खाने की तलाश में भालू अब घरों तक पहुंचने लगे हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। गोविंदपुर में एक भालू घर के किचन में घुस गया, जबकि सरंगपाल की रामेश्वरम कॉलोनी में दो भालुओं ने कई घरों में घुसने की कोशिश की।
किचन में घुसा भालू, परिवार ने कमरे में बंद होकर बचाई जान
गोविंदपुर में रात के समय परिवार के लोग घर में सो रहे थे। इसी दौरान किचन से बर्तन और अन्य सामान गिरने-खिसकने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर परिवार के लोग सतर्क हुए और पास जाकर देखा तो किचन के अंदर भालू मौजूद था।
परिवार के सदस्यों को देखते ही भालू उनकी ओर झपटने लगा। घबराए लोगों ने तुरंत अपने कमरों के दरवाजे बंद कर खुद को सुरक्षित किया। कुछ देर बाद भालू खुद ही घर से बाहर निकलकर चला गया।
दो भालुओं ने घरों के दरवाजे तोड़ने की कोशिश की
इधर, सरंगपाल स्थित रामेश्वरम कॉलोनी में रात करीब 2 बजे दो भालू घरों में घुसने की कोशिश करते नजर आए। इसकी जानकारी मिलते ही कॉलोनीवासियों ने एक-दूसरे को सतर्क किया।
दोनों भालू कई घरों के आसपास घूमते रहे और अंदर घुसने के लिए दरवाजे तोड़ने का प्रयास भी किया। इससे कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वनकर्मियों ने कॉलोनीवासियों की मदद से दोनों भालुओं को रिहायशी इलाके से खदेड़ा। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। लगातार रिहायशी क्षेत्रों में भालुओं की मौजूदगी से ग्रामीणों और कॉलोनीवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।





