कांकेर। शहर के रिहायशी इलाके गोविंदपुर में भालुओं की दहशत लगातार बढ़ती जा रही है। अंधेरा होते ही इलाके में भालुओं की सक्रियता देखी जा रही है। भोजन की तलाश में भालू कई घरों के दरवाजे तक तोड़ चुके हैं। अब एक भालू के घर के अंदर घुसने का वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घर में घुसा भालू, परिवार ने छिपकर बचाई जान
बीती रात गोविंदपुर के एक घर में अचानक भालू घुस आया। घर में भोजन तलाशने के बाद भालू कुछ देर वहीं आराम करता रहा। इस दौरान परिवार के सदस्य दहशत के चलते घर के अंदर ही दुबके रहे। परिवार के सदस्यों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
लगातार घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत
भालू के घर के अंदर मौजूद रहने तक परिवार में डर का माहौल बना रहा। गोविंदपुर में लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से रहवासी परेशान और भयभीत हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से भालुओं को रिहायशी इलाके से दूर करने और सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।





