September 4, 2026

Kanker Bear Terror: कांकेर में भालुओं का आतंक, घर में घुसे दो भालू CCTV में कैद; हमले में दो ग्रामीणों की मौत

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में इन दिनों भालुओं के बढ़ते आतंक से लोग दहशत में हैं। ताजा मामला अलबेलापारा वार्ड से सामने आया है, जहां दो भालू एक घर में घुसने के बाद बाहर निकलते हुए CCTV कैमरे में कैद हो गए। रिहायशी इलाकों में लगातार भालुओं की आवाजाही से लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।

घर के गेट से बाहर निकलते दिखे दो भालू

CCTV फुटेज में देखा जा सकता है कि दो भालू घर का मेन गेट पार कर बाहर निकलते हैं। इसी दौरान वहां मौजूद कुत्तों का झुंड दोनों भालुओं को घेर लेता है। कुत्तों से घिरने के बाद दोनों भालू वहां से भाग निकलते हैं।

रोजाना रिहायशी इलाके में पहुंच रहे भालू

स्थानीय लोगों के मुताबिक, अलबेलापारा वार्ड में भालू लगातार पहुंच रहे हैं। बताया जा रहा है कि भालू कई जगहों पर तोड़फोड़ कर उत्पात मचा रहे हैं। रिहायशी इलाके में लगातार उनकी मौजूदगी से लोग घरों से बाहर निकलने में भी डर रहे हैं।

भालू के हमले में दो ग्रामीणों की मौत

इससे पहले नरहरपुर वन परिक्षेत्र के मरकाटोला-लारगांव क्षेत्र में 5 अगस्त को भालू के हमले की घटना सामने आई थी। हमले में दो ग्रामीणों की मौत हो गई थी, जबकि एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल बताया गया था।

लगातार सामने आ रही घटनाओं के कारण इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने भालुओं के बढ़ते आतंक से राहत दिलाने और वन विभाग से प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।