July 29, 2026

कांकेर में अवैध रेत खनन पर बवाल, विधायक सावित्री मंडावी ने किया धरना, देर रात प्रशासन ने की कार्रवाई

कांकेर। जिले के भानुप्रतापपुर क्षेत्र में बेलवापानी रेत खदान में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ कांग्रेस विधायक सावित्री मंडावी का गुस्सा फूट पड़ा। शुक्रवार देर रात विधायक अपने समर्थकों के साथ खदान स्थल पर पहुंचीं और धरने पर बैठ गईं। उन्होंने मौके पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार, खदान क्षेत्र में अघोषित स्थानों से मशीनों के जरिए बड़े पैमाने पर रेत निकाले जाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। आरोप है कि भारी मशीनों का उपयोग कर नियमों और पर्यावरणीय मानकों की अनदेखी की जा रही थी।

विधायक सावित्री मंडावी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और बताया कि वहां करीब 14 वाहन मौजूद थे, जिनमें एक चेन माउंटेन मशीन भी शामिल थी। उन्होंने प्रशासन से इन वाहनों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

करीब शाम 7 बजे शुरू हुआ यह विरोध प्रदर्शन रात 1 बजे तक जारी रहा, जिसके बाद प्रशासन मौके पर पहुंचा और चेन माउंटेन मशीन को सील कर दिया गया तथा अन्य वाहनों पर भी कार्रवाई की गई।

विधायक ने आरोप लगाया कि अवैध खनन के चलते भविष्य में रेत संकट की स्थिति बन सकती है। उन्होंने कहा कि खनन कार्य केवल निर्धारित नियमों के तहत होना चाहिए ताकि स्थानीय ट्रैक्टर और वाहन मालिकों को भी रोजगार मिल सके।

साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में कहीं न कहीं प्रशासनिक लापरवाही और संलिप्तता है, जिसके कारण कार्रवाई में देरी हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सख्त कदम नहीं उठाए गए तो ग्रामीणों के साथ मिलकर थाना घेराव किया जाएगा।