भानुप्रतापपुर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में गांजे की अवैध खेती का मामला सामने आया है। भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भूरसा तरहुल में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खेत से 850 से अधिक गांजे के पौधे बरामद किए हैं। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
घर से लगे खेत में कर रहा था गांजे की खेती
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम भूरसा तरहुल निवासी सुभाष कोरेटी अपने घर से लगे खेत में गांजे की खेती कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खेत की जांच की। इस दौरान बड़ी संख्या में गांजे के पौधे पाए गए।
पुलिस ने मौके से करीब 850 से अधिक पौधों को जब्त कर लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
खुद गांजे का सेवन करने की बात कबूली
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह खुद गांजे का सेवन करता है। इसी वजह से उसने गांजे के बीज तैयार कर खेत में अलग-अलग जगहों पर रोपे थे। समय के साथ पौधे बड़े हो गए और खेत में गांजे की फसल तैयार हो गई।
विशेषज्ञ टीम ने की पौधों की पुष्टि
पुलिस ने मौके पर विशेषज्ञ टीम को भी बुलाया। टीम ने पौधों की जांच कर उनके गांजे के पौधे होने की पुष्टि की। इसके बाद पुलिस ने सभी पौधों को जब्त कर लिया।
अन्य लोगों की भूमिका की जांच
पुलिस अब मामले की आगे जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि गांजे की खेती में आरोपी के साथ कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। साथ ही इतने बड़े पैमाने पर गांजे की खेती करने के पीछे उसके उद्देश्य की भी जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।





