July 30, 2026

कांकेर में कार-बाइक की भीषण टक्कर, हवा में उछला युवक; CCTV वीडियो वायरल

Kanker News Update : कांकेर। जिले में कार और बाइक के बीच हुई भीषण टक्कर का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसने सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद बाइक सवार युवक कई फीट हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरा।

जानकारी के अनुसार घटना कांकेर स्थित वन विभाग के लकड़ी डिपो के पास की बताई जा रही है। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो डिवाइडर के पास यू-टर्न लेते हुए दिखाई दे रही है। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही बाइक सीधे वाहन के बोनट से जा टकराती है।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक हवा में उछलकर स्कॉर्पियो के दूसरी ओर जा गिरा। हादसे के बाद युवक उठने की कोशिश करता नजर आता है, लेकिन गंभीर चोट और दर्द के कारण वह खड़ा नहीं हो पाता।

बताया जा रहा है कि यह दुर्घटना 21 जून को हुई थी। घटना का सीसीटीवी वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फुटेज में कार चालक और बाइक सवार दोनों की लापरवाही दिखाई दे रही है।

इस घटना ने एक बार फिर यातायात नियमों के पालन और सड़क पर सावधानी बरतने की जरूरत को रेखांकित किया है। फिलहाल हादसे में घायल युवक की स्थिति और पुलिस कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।