July 25, 2026

कांकेर: सीजीपीएससी प्रारंभिक परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों के लिए मार्गदर्शन कार्यशाला, कलेक्टर व सीईओ देंगे टिप्स

12 फरवरी 2026

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा 22 फरवरी को आयोजित की जाने वाली राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन कांकेर द्वारा अभ्यर्थियों के लिए एक दिवसीय मार्गदर्शन कार्यशाला एवं प्रीलिम्स मैराथन टेस्ट सीरीज का आयोजन किया जा रहा है। परीक्षा के अंतिम दिनों में सही रणनीति, समय-प्रबंधन, प्रश्न हल करने की तकनीक और मानसिक तैयारी को लेकर विशेष मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।

यह कार्यशाला 13 फरवरी को मावा मोदोल कोचिंग केंद्र, भानुप्रतापपुर तथा 17 फरवरी को मावा मोदोल कोचिंग संस्थान, कांकेर में आयोजित होगी। जिले के कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर एवं जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी अभ्यर्थियों को सीजीपीएससी परीक्षा के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन देंगे।

कार्यशाला में परीक्षा पैटर्न, लक्ष्य निर्धारण, समय-प्रबंधन, नकारात्मक अंकन से बचाव, प्रभावी रिवीजन प्लान, प्रश्न चयन की रणनीति और परीक्षा दिवस की तैयारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।

जानकारी के अनुसार, जिले में 10 फरवरी से 20 फरवरी तक सीजीपीएससी प्रीलिम्स मैराथन टेस्ट सीरीज का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य अभ्यर्थियों को वास्तविक परीक्षा जैसी समय-सीमा में अभ्यास कराना, कमजोर विषयों की पहचान कराना तथा अंतिम समय में त्रुटियों को सुधारने का अवसर देना है।

जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे कार्यशाला एवं टेस्ट सीरीज में शामिल होकर इसका अधिकतम लाभ लें। साथ ही परीक्षा दिवस पर प्रवेश पत्र, वैध पहचान पत्र एवं आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए परीक्षा केंद्र पर समय से पूर्व पहुंचना सुनिश्चित करें, ताकि वे शांत एवं एकाग्रचित्त होकर परीक्षा में सम्मिलित हो सकें।