March 4, 2026

कांकेर: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में फर्जी शादी का खुलासा

Kanker: मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना के तहत 10 फरवरी को गोविंदपुर में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर हुआ है। ग्राम पंचायत प्रेमनगर के सुदीप विश्वास और ग्राम पीवी 64 की स्वर्णा मिस्त्री ने पहले 3 जून 2025 को विवाह किया था, लेकिन योजना का लाभ लेने के लिए 10 फरवरी को एक बार फिर सात फेरे ले लिए।

सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों में वर-वधू सिंदूर और बंगाली परंपरा के अनुसार पोला पहने हुए दिखाई दिए, जिससे उनकी पहले से शादीशुदा होने की बात सामने आई। आवेदन प्रक्रिया में भी कई खामियां पाई गईं। आवेदन सेक्टर हरनगढ़ से किया गया था जबकि नियम के अनुसार स्थानीय आंगनबाड़ी केंद्र से आवेदन अनिवार्य है। आरोप है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सेक्टर सुपरवाइजर ने बिना गहन जांच के आवेदन स्वीकार कर लिया और वास्तविक वैवाहिक स्थिति की पुष्टि नहीं की।

योजना के तहत प्रत्येक जोड़े को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिलती है, जिससे फर्जी पंजीकरण के कारण सरकारी राशि गलत हाथों में चली गई। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू की है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने का संकेत दिया है।