May 14, 2026

APK फाइल से मोबाइल हैक कर 9.28 लाख की ठगी, नोएडा से आरोपी गिरफ्तार

कांकेर। जिले में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मोबाइल में एपीके फाइल भेजकर ठग ने फोन हैक कर लाखों रुपए पार कर दिए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को उत्तर प्रदेश के नोएडा से गिरफ्तार कर लिया है। मामला भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र का है।

APK फाइल डाउनलोड करते ही हुआ फोन हैक
पीड़ित बिरेंद्र खलको (50), जो मूल रूप से ग्राम महुआ टोली के निवासी हैं और वर्तमान में नेहरू नगर, कांकेर में रहते हैं, ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 24 जनवरी 2026 को मोबाइल इस्तेमाल के दौरान उन्हें एक एपीके फाइल का लिंक मिला, जिसे उन्होंने डाउनलोड कर लिया।

बैंक खाते से किश्तों में निकाले पैसे
पीड़ित के अनुसार, मोबाइल नंबर उनकी पत्नी के बैंक खाते से लिंक था, जिसमें फोनपे, गूगल पे और एसबीआई योनो जैसे ऐप संचालित हो रहे थे। आरोपी ने फोन हैक कर खाते से किश्तों में कुल 9 लाख 28 हजार 500 रुपए निकाल लिए।

पुलिस ने शुरू की जांच, टीम गठित
मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। एसपी निखिल राखेचा के निर्देश और एडिशनल एसपी आकाश श्रीश्रीमाल के मार्गदर्शन में विशेष टीम का गठन किया गया।

नोएडा से आरोपी गिरफ्तार
एसडीओपी शेरबहादुर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के नोएडा पहुंचकर आरोपी आदित्य चौहान (21) को गिरफ्तार किया। आरोपी से पूछताछ जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।

सावधानी की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात लिंक या एपीके फाइल को डाउनलोड न करें, क्योंकि इससे मोबाइल हैक कर बैंक खातों से ठगी की जा सकती है।