कांकेर। जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। चार साल से बंद पड़ी MRI मशीन को जल्द शुरू करने की घोषणा कलेक्टर निलेश महादेव क्षीरसागर ने की है। उन्होंने कहा कि आगामी 10 दिनों के भीतर किसी भी स्थिति में MRI सेवा शुरू कर दी जाएगी, जिससे मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
जानकारी के अनुसार, यह MRI मशीन तत्कालीन कलेक्टर चंदन कुमार के कार्यकाल में स्थापित की गई थी, लेकिन तकनीकी और अन्य कारणों से अब तक उपयोग में नहीं लाई जा सकी। अब प्रशासन ने इसे सक्रिय करने की प्रक्रिया तेज कर दी है।
इसी दौरान जिला अस्पताल के नवनिर्मित ट्रॉमा यूनिट का निरीक्षण विधायक आशाराम नेताम और कलेक्टर निलेश महादेव क्षीरसागर द्वारा किया गया। निरीक्षण के समय मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस ट्रॉमा यूनिट का तीन दिन पहले प्रभारी मंत्री अरुण साव द्वारा लोकार्पण किया गया था।
निरीक्षण के दौरान ट्रॉमा यूनिट में विद्युत व्यवस्था से जुड़ी कुछ कमियां सामने आईं, जिस पर अधिकारियों ने संबंधित विभाग और ठेकेदार को तुरंत सुधार के निर्देश दिए।
विधायक आशाराम नेताम ने कहा कि ट्रॉमा यूनिट शुरू होने से जिले में गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार मिलेगा और उन्हें रेफर करने की जरूरत कम पड़ेगी। वहीं कलेक्टर ने भरोसा दिलाया कि MRI मशीन तय समय सीमा के भीतर पूरी तरह शुरू कर दी जाएगी।





