कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में घर में गड़ा सोना निकालने और बीमारी दूर करने का झांसा देकर करीब 5 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले की जांच के बाद महाराष्ट्र के अंतरराज्यीय गिरोह के 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4.96 लाख रुपये नकद और एक पिकअप वाहन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 17 मई की है। एक अज्ञात व्यक्ति साधु के वेश में पीड़ित परिवार के घर पहुंचा और दावा किया कि घर में गड़ा हुआ सोना है। उसने कहा कि उस सोने को निकालने से परिवार की बीमारी दूर हो जाएगी।
भस्म और दवा के नाम पर ठगे लाखों रुपये
आरोपियों ने कथित तौर पर सोना निकालने के लिए विशेष भस्म और दवा लाने का बहाना बनाकर दो किश्तों में करीब 5 लाख रुपये ले लिए। बाद में जब उन्होंने और रकम की मांग की तो परिवार को शक हुआ।
परिजनों ने घर में खोदे गए गड्ढे में रखे लाल कपड़े से बंधे लोटे की जांच की, जिसमें सोने जैसी दिखने वाली 21 मूर्तियां मिलीं। सफाई करने पर पता चला कि सभी मूर्तियां पीतल की थीं। इसके बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
महाराष्ट्र से 6 आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने महाराष्ट्र के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 4,96,000 रुपये नकद और एक पिकअप वाहन बरामद किया गया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
- भोला गवते (40), निवासी नांदीखेड़ा, जिला नागपुर (महाराष्ट्र)
- मुकेश सोनेश्वर (31), निवासी परसोडी वकील, जिला नागपुर (महाराष्ट्र)
- शिवागिरी (28), निवासी नवेगांव, जिला गढ़चिरौली (महाराष्ट्र)
- लीलाधर शिवाजी वाघमारे उर्फ निलेश (35), निवासी मोहपा, जिला नागपुर (महाराष्ट्र)
- परमेश्वर एकनाथ उर्फ देवा (37), निवासी सेलू, जिला नागपुर (महाराष्ट्र)
- दिनेश सोनेश्वर (30), निवासी देशमुख खैरी, जिला नागपुर (महाराष्ट्र)
पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अंधविश्वास, चमत्कार या घर में गड़ा धन निकालने जैसे झूठे दावों के बहकावे में न आएं। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे ठगी करने वाले गिरोहों के खिलाफ समय रहते कार्रवाई की जा सके।





