July 30, 2026

कांकेर | अवैध रेत खनन पर बड़ी कार्रवाई: विधायक सावित्री मंडावी ने रात में मारा छापा, 5 हाइवा और मशीन जब्त

कांकेर। चरामा ब्लॉक के हराडूला क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। भानुप्रतापपुर के बाद अब विधायक सावित्री मंडावी ने रविवार देर रात खुद मौके पर पहुंचकर खदान पर छापा मारा।

सूचना मिलने पर पहुंची टीम ने देखा कि इलाके में अवैध रूप से रेत का उत्खनन और परिवहन किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान मौके से 5 हाइवा और एक चैन माउंटेन मशीन को जब्त किया गया।

विधायक सावित्री मंडावी ने कहा कि लगातार कार्रवाई के बावजूद क्षेत्र में अवैध रेत खनन नहीं रुक रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित विभागीय अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन देर रात किसी ने फोन नहीं उठाया, जिसके बाद उन्हें स्वयं मौके पर पहुंचना पड़ा।

मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और वाहनों की जब्ती की कार्रवाई की गई। अब इस पूरे मामले में वैधानिक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्रवाई के बावजूद रेत माफिया रात के समय नदियों से अवैध उत्खनन करते रहते हैं। वहीं विधायक ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध खनन किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी अभियान जारी रहेगा।