July 30, 2026

कांकेर में आकाशीय बिजली का कहर: मनरेगा कार्य के दौरान 2 मजदूरों की मौत, 5 घायल

कांकेर। जिले के अंतागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कलगांव में शुक्रवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। मनरेगा के तहत चल रहे तालाब निर्माण कार्य में लगे दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य मजदूर घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, कलगांव में मनरेगा योजना के तहत तालाब निर्माण कार्य चल रहा था, जिसमें करीब 50 मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए कई मजदूर पास के एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए।

इसी दौरान पेड़ के समीप आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से गांव के उपसरपंच धनराज पटेल सहित एक अन्य मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई।

पांच मजदूर घायल, अस्पताल में भर्ती

हादसे में पांच मजदूर घायल हुए हैं, जिनमें तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए अंतागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।

कलेक्टर ने दिए बेहतर इलाज के निर्देश

कांकेर कलेक्टर Nilesh Mahadev Kshirsagar ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही अधिकारियों को मौके पर भेजा गया है। घायलों के उपचार के लिए एंबुलेंस रवाना कर दी गई है और चिकित्सकों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर ने कहा कि घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है तथा प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

लगातार बदलते मौसम और प्रदेश के कई हिस्सों में जारी बारिश-आंधी के बीच मौसम विभाग पहले ही आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी कर चुका है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की है।