कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में आकाशीय बिजली गिरने से दो मवेशियों की मौत हो गई। घटना पखांजूर क्षेत्र के पीव्ही-129 गांव की है, जहां शनिवार को कुसुम के पेड़ के नीचे चर रहे दो मवेशी आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मवेशी मृत्युंजय मंडल और प्रणाम मंडल के थे। दोनों पशु गांव के बाहर कुसुम के पेड़ के नीचे चर रहे थे। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से दोनों मवेशियों की जान चली गई।
घटना से दोनों पशुपालकों को आर्थिक नुकसान हुआ है। सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और प्रशासन को घटना की जानकारी दी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित पशुपालकों को नियमानुसार उचित मुआवजा देने की मांग की है। वहीं राजस्व विभाग की टीम द्वारा मामले का पंचनामा तैयार कर आगे की प्रक्रिया शुरू किए जाने की जानकारी सामने आई है।





