March 4, 2026

शराब दुकान के आहाते में सो रहे युवक के पास आ पहुंचा भालू, चार मिनट तक चला जिंदगी–मौत का खेल

कांकेर। कांकेर जिले के नरहरपुर नगर पंचायत क्षेत्र में देर रात रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। शराब दुकान के आहाते में सो रहे एक युवक के पास अचानक जंगल से भटककर एक भालू आ पहुंचा। करीब चार मिनट तक भालू युवक के आसपास घूमता रहा और तांडव मचाता रहा। इस दौरान युवक और भालू के बीच जिंदगी और मौत का खेल चलता रहा, लेकिन युवक ने सूझबूझ से अपनी जान बचा ली।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक शराब दुकान के आहाते में सो रहा था, तभी अचानक भालू वहां पहुंच गया। भालू कभी युवक के सिर के पास आया तो कभी पैरों के पास घूमता रहा। युवक ने घबराने के बजाय खुद को शांत रखा और बिना हरकत किए लेटा रहा, जिससे भालू को कोई उकसावा नहीं मिला। कुछ देर बाद भालू वहां से जंगल की ओर लौट गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि भालू अक्सर जंगल से निकलकर रिहायशी इलाकों में पहुंच जाता है और आसपास के क्षेत्रों में आतंक मचा रहा है।

वन विभाग और स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जंगल से लगे क्षेत्रों और खुले आहातों में सोने से बचें और सतर्क रहें। साथ ही किसी भी वन्य जीव की मौजूदगी की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।