March 4, 2026

कांकेर: 14 मार्च को होगी नेशनल लोक अदालत, सफल आयोजन को लेकर जिला स्तरीय बैठक सम्पन्न

आगामी 14 मार्च को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत के सफल संचालन और व्यापक तैयारी को लेकर जिला न्यायालय कांकेर में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री संजीव कुमार टामक ने की। इस दौरान कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर तथा पुलिस अधीक्षक श्री निखिल अशोक कुमार राखेचा भी उपस्थित रहे।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री टामक ने डिस्ट्रिक्ट कोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम कमेटी के अंतर्गत विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की और नेशनल लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए प्रशासनिक, तकनीकी एवं विधिक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण पर विशेष जोर दिया।

बैठक में संबंधित विभागों के समन्वय, सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी सहयोग और आम जनता तक सूचना पहुंचाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि नेशनल लोक अदालत का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

इस अवसर पर प्रथम जिला एवं सत्र न्यायाधीश कांकेर श्रीमती विभा पांडे, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री भास्कर मिश्र, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती शांति प्रभु जैन सहित कार्यपालन अभियंता, कोर्ट मैनेजर और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।