May 15, 2026

कांकेर में नक्सल संगठन को बड़ा झटका, दासरू ने किया आत्मसमर्पण

कांकेर। उत्तर बस्तर क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी सफलता मिली है। सोमवार को परतापुर एरिया कमेटी में सक्रिय नक्सली दासरू ने आमाबेड़ा थाना पहुंचकर पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।

जानकारी के अनुसार, तेलंगाना कैडर की नक्सली रूप के मुठभेड़ में ढेर होने के बाद संगठन में बढ़ते दबाव और खौफ के बीच दासरू ने मुख्यधारा में लौटने का फैसला लिया। आत्मसमर्पण के बाद पुलिस अधीक्षक निखिल राखेछा ने इसकी पुष्टि की है।

प्रदेश सरकार की पुनर्वास नीति के तहत आत्मसमर्पित नक्सली को तत्काल 25,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। इसके साथ ही कुल 50,000 रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। योजना के तहत आगे 3 वर्षों तक प्रतिमाह 10,000 रुपये स्टाइपेंड, निःशुल्क आवास एवं भोजन, कौशल विकास प्रशिक्षण, कृषि भूमि और आजीविका से जुड़ी अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

प्रशासन का कहना है कि यह आत्मसमर्पण नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति और विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।