September 4, 2026

कांकेर में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, जंगल में जमीन के नीचे मिला नक्सली डंप; हथियार समेत सामग्री बरामद

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर में नक्सल उन्मूलन अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के मोरखण्डी जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए नक्सली डंप का पता चला है। बीएसएफ, जिला बल और बीडीएस की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान के दौरान हथियार और बड़ी मात्रा में नक्सली सामग्री बरामद की है।

सर्चिंग के दौरान मिला नक्सली डंप

जानकारी के मुताबिक, 24 अगस्त को सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ग्राम मोरखण्डी के जंगल और पहाड़ी इलाके में सर्चिंग अभियान पर निकली थी। इस दौरान जवानों को एक संदिग्ध स्थान मिला। जांच करने पर जमीन के नीचे नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया डंप बरामद हुआ।

सुरक्षा के लिहाज से मौके पर बीडीएस (बम डिस्पोजल स्क्वॉड) की टीम को भी तैनात किया गया। डंप की तलाशी लेने पर हथियार समेत अन्य नक्सली सामग्री बरामद हुई।

डंप से ये सामग्री बरामद

सुरक्षाबलों ने नक्सली डंप से निम्न सामग्री बरामद की है—

  • 4 भारमार बंदूक
  • 3 भारमार बंदूक के बैरल
  • 1 वायरलेस सेट
  • बिजली के तार के 3 बंडल
  • 1 GPS
  • 1 छोटी सोलर प्लेट
  • 1 चार्जर
  • नक्सली साहित्य
  • अन्य नक्सली सामग्री

सर्चिंग अभियान आगे भी रहेगा जारी

सुरक्षाबलों ने नक्सली डंप की बरामदगी को नक्सल उन्मूलन अभियान में महत्वपूर्ण सफलता बताया है। अभियान के बाद संयुक्त टीम के सभी जवान सुरक्षित कैंप लौट गए।

पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए नक्सल प्रभावित इलाकों में सघन सर्चिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।