July 29, 2026

Kanker News: विकास कार्य नहीं मिलने से नाराज 56 पंचायतों के सरपंचों का सामूहिक इस्तीफा, SDM कार्यालय में सौंपा ज्ञापन

कांकेर। जिले के अंतागढ़ विकासखंड में विकास कार्य ठप होने से नाराज सभी 56 ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने सामूहिक इस्तीफा सौंप दिया। सरपंचों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और पंचायतों में लंबे समय से विकास कार्य स्वीकृत नहीं होने का आरोप लगाया।

सरपंचों का कहना है कि पिछले एक वर्ष से ग्राम पंचायतों में किसी भी प्रकार के नए विकास कार्य आवंटित नहीं किए गए हैं। इसके चलते गांवों में सड़क, नाली, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य पूरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।

पंचायत प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि लगातार मांग और पत्राचार के बावजूद प्रशासन द्वारा कोई ठोस पहल नहीं की गई। इससे ग्रामीणों में भी नाराजगी बढ़ रही है और जनप्रतिनिधियों को लोगों के सवालों का जवाब देना मुश्किल हो रहा है।

इसी विरोध में अंतागढ़ विकासखंड की सभी 56 पंचायतों के सरपंचों ने एकजुट होकर सामूहिक इस्तीफा देने का फैसला लिया।

सरपंचों ने प्रशासन से लंबित योजनाओं को जल्द शुरू करने और पंचायतों में विकास कार्यों की स्वीकृति देने की मांग की है। वहीं इस सामूहिक इस्तीफे के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।