पखांजूर, कांकेर, 6 अप्रैल 2026 – पखांजूर थाना क्षेत्र के ग्राम पीव्ही-27 ह्दयपुर में रविवार सुबह एक दशक से चल रहे जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस घटना में गोपाल मजूमदार के बड़े बेटे जिवेश मजूमदार (30) की बेरहमी से हत्या हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए।
जानकारी के अनुसार, विवाद लगभग एक दशक से गोपाल मजूमदार और रास बिहारी राय के बीच आधा एकड़ जमीन को लेकर चल रहा था। जमीन फिलहाल रास बिहारी राय के कब्जे में है, जबकि गोपाल मजूमदार इसे अपनी पट्टे वाली जमीन बताते हुए कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे।

घटना के समय गोपाल मजूमदार और उनके परिवार के सदस्य खेत में काम कर रहे थे। तभी पड़ोस में रहने वाले आरोपियों ने लाठी-डंडा, लोहे के पाइप और टांगिया (कुल्हाड़ी) लेकर हमला किया। हमले में जिवेश मजूमदार के सिर पर टांगिया से वार किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिवार के अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया।
पुलिस ने बताया कि घटना के तुरंत बाद थाना प्रभारी लक्ष्मण केवट के नेतृत्व में टीम ने सभी सात आरोपियों को गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में रामचन्द्र राय, राजबिहारी राय, चांदमोहन राय, चंदन राय, राजेश राय, विभूति राय और भरत राय शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से तीन लोहे की टांगिया, एक लोहे का पाइप और लकड़ी के डंडे बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया और उन्हें 6 अप्रैल 2026 को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने सभी आरोपियों को जिला जेल कांकेर भेजने का आदेश दिया।





