March 5, 2026

कांकेर: प्रेम प्रसंग में युवती की तालाब में हत्या, 2 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया

कांकेर (छत्तीसगढ़): कांकेर जिले के दुधावा चौकी क्षेत्र में बुढ़ा तालाब में मिली एक युवती की लाश की गुत्थी पुलिस ने महज 48 घंटे में सुलझा दी है। पुलिस ने प्रेम प्रसंग में हत्या करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना 01 फरवरी 2026 की है जब ग्राम बांगाबारी के बुढ़ा तालाब में एक अज्ञात युवती का शव साड़ी में लिपटा हुआ मिला था। सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जांच शुरू की गई और पहचान सोशल मीडिया एवं व्हाट्सएप के माध्यम से नेहा वट्टी (18), निवासी ग्राम बासनवाही के रूप में हुई।

जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिससे पता चला कि मृतका और आरोपी बिरेंद्र ध्रुव के बीच प्रेम संबंध थे। आरोपी पहले से शादीशुदा था और मृतिका उस पर शादी का दबाव बना रही थी। परेशान होकर आरोपी ने अपने दोस्त भागवत ध्रुव के साथ मिलकर यह हत्या की साजिश रची।

आरोपियों ने युवती को भगाने का बहाना बना कर मोटरसाइकिल से बुढ़ा तालाब के पास ले जाकर उसे पानी में डुबोकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी सबूत मिटाने के लिए मृतिका का मोबाइल, चप्पल और दस्तावेज तालाब में फेंक गए।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनसे हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा मोबाइल फोन जब्त कर लिये। गोताखोरों की मदद से तालाब से मृतिका का सामान भी बरामद किया गया है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है और मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है