कांकेर जिले के चारामा क्षेत्र में पिछले दो दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण कई गांवों में जनजीवन प्रभावित हो गया है। भीषण गर्मी के बीच बिजली नहीं होने से ग्रामीणों को पानी जैसी मूलभूत जरूरतों के लिए भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर आए आंधी-तूफान और तेज बारिश के बाद गिरहोला, नवागांव, चारभाटा, सिरसिदा समेत आसपास के 4 से 5 गांवों की बिजली आपूर्ति बंद हो गई थी, जो अब तक बहाल नहीं हो सकी है।
बिजली गुल होने से पेयजल व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। कई ग्रामीण देर रात जनरेटर की मदद से अपने घरों के बोर कनेक्शन चलाकर पानी भरने को मजबूर हैं। वहीं जिन लोगों के पास जनरेटर की सुविधा नहीं है, वे हैंडपंप के भरोसे हैं।
हालात ऐसे हैं कि गांवों में सुबह 4:30 बजे से ही हैंडपंपों पर लंबी कतारें लग रही हैं। लगातार बढ़ती गर्मी और अधिक उपयोग के कारण कई हैंडपंप भी जवाब देने लगे हैं, जिससे ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग के अधिकारी फोन तक रिसीव नहीं कर रहे हैं। विभाग की लापरवाही को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।





