July 29, 2026

कांकेर में मासूम की मौत पर बवाल, निजी अस्पताल में तोड़फोड़; डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप

Kanker। जिले के पखांजूर इलाके में एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान एक माह की मासूम बच्ची की मौत के बाद जमकर हंगामा हो गया। परिजनों और ग्रामीणों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में तोड़फोड़ कर दी और सामान सड़क पर फेंक दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

पूरा मामला पखांजूर थाना क्षेत्र के कापसी का है। जानकारी के मुताबिक कापसी स्थित एक निजी अस्पताल में तबीयत बिगड़ने पर एक माह की बच्ची को भर्ती कराया गया था। बीती रात बच्ची की हालत गंभीर होने पर परिजनों ने डॉक्टर से उसे रेफर करने की बात कही थी, लेकिन डॉक्टर ने बच्ची की स्थिति सामान्य बताते हुए रेफर करने की जरूरत नहीं होने की बात कही।

सुबह हुई बच्ची की मौत, भड़के परिजन

आज सुबह बच्ची की मौत हो गई। इसके बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए और तोड़फोड़ शुरू कर दी। अस्पताल का सामान सड़क पर फेंक दिया गया और लोग सड़क पर उतर आए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासन की टीम स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी हुई है।

जांच के आदेश, अस्पताल बंद

एसडीएम Manish Dev Sahu ने बताया कि फिलहाल अस्पताल को बंद कराया जा रहा है। वहीं सीएमएचओ को तत्काल जांच टीम गठित कर पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।