कांकेर। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। कई जगह पुल और सड़कों के ऊपर से पानी बह रहा है, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है। अंतागढ़ के गोंड बिनापाल और हिन्दू बिनापाल के पास एप्रोच सड़क का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर बह गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहा एक वाहन सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से में जा गिरा।
पानी के बीच क्षतिग्रस्त हिस्से में गिरी गाड़ी
जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय सड़क के ऊपर से पानी बह रहा था। अंधेरा होने के कारण वाहन चालक को सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से का अंदाजा नहीं लग सका। चालक ने वाहन आगे बढ़ाने का प्रयास किया, तभी गाड़ी सड़क के टूटे हिस्से में नीचे जा गिरी।
चालक की सूझबूझ से बची तीन लोगों की जान
हादसे के वक्त वाहन में चालक समेत तीन लोग सवार थे। वाहन के क्षतिग्रस्त हिस्से में गिरने के बाद चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए अपनी तरफ का दरवाजा खोला और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस तरह चालक की तत्परता से वाहन में सवार तीनों लोगों की जान बच गई।
मौके पर चेतावनी बोर्ड नहीं होने से बढ़ा खतरा
बताया जा रहा है कि घटनास्थल पर सड़क की स्थिति और खतरे की जानकारी देने के लिए कोई चेतावनी बोर्ड नहीं लगाया गया था। लगातार बारिश के बीच सड़क का हिस्सा बह जाने और ऊपर से पानी गुजरने के कारण स्थिति और भी खतरनाक हो गई थी।
घटना के बाद प्रशासन ने मौके पर सुरक्षा के लिहाज से एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं, ताकि दोबारा इस तरह का हादसा न हो।





