July 23, 2026

कांकेर में नक्सलियों का खुफिया डंप बरामद, हथियार-वायरलेस समेत बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त

Kanker News Update : कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान में एक बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त सर्च अभियान के दौरान छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के आमाटोला जंगल से नक्सलियों का खुफिया डंप बरामद किया गया है। डंप में हथियार, संचार उपकरण, वर्दी और अन्य नक्सली सामग्री छिपाकर रखी गई थी।

जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर सीमावर्ती और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कांकेर पुलिस, बीएसएफ और बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) की टीम मंगलवार को आमाटोला के जंगल में सर्चिंग पर निकली थी।

सर्च अभियान के दौरान जवानों को जंगल में संदिग्ध स्थान दिखाई दिया। जांच करने पर वहां नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया डंप मिला। सुरक्षा बलों ने क्षेत्र की घेराबंदी कर सावधानीपूर्वक तलाशी ली और सामग्री को सुरक्षित बाहर निकाला।

डंप से बरामद सामग्री

  • भरमार बंदूक – 4 नग
  • वायरलेस सेट – 2 नग
  • रेडियो – 1 नग
  • नक्सली वर्दी – 1 नग
  • पाउच – 2 नग
  • चार्जर – 1 नग
  • बैटरी – 1 नग
  • नक्सली साहित्य एवं अन्य सामग्री

सुरक्षाबलों ने बरामद सामग्री को जब्त कर लिया है। अभियान पूरा होने के बाद सभी जवान सुरक्षित अपने कैंप लौट आए।

सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि जिले के दूरस्थ और संवेदनशील इलाकों में नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए संयुक्त सर्च अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।