March 4, 2026

कांकेर: नक्सल मोर्चे पर तैनात SSB जवान नवीन कुमार की खेल के दौरान अचानक मौत

कांकेर: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से दुखद खबर सामने आई है। नक्सल मोर्चे पर तैनात SSB जवान नवीन कुमार की गुरुवार को अचानक तबियत बिगड़ने से मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, जवान कैंप के मैदान में वॉलीबॉल खेल रहे थे और खेल खत्म होने के लगभग 5 मिनट बाद उनकी तबियत अचानक खराब हो गई। सीने में तेज दर्द महसूस होने पर उन्हें उपचार के लिए अंतागढ़ अस्पताल लाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बताया गया है कि नवीन कुमार SSB की 28वीं वाहिनी में तैनात थे और अंतागढ़ के गोड़बिनापाल कैंप में पदस्थ थे। वे दिल्ली के रहने वाले थे। घटना के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम और अन्य विभागीय औपचारिकताएं पूरी कीं और उनके पार्थिव शरीर को गृह ग्राम भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी।

इस दुखद घटना से कैंप में जवानों के बीच शोक का माहौल है और जवान के परिवार में भी भारी दुख और सदमा है।