भानुप्रतापपुर। कांकेर जिले में छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र फेडरेशन के बैनर तले शिक्षकों ने शनिवार को अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर एक दिवसीय हड़ताल की। शिक्षकों के हड़ताल पर रहने से जिले के कई स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था प्रभावित होने की बात सामने आई है।
भानुप्रतापपुर में आयोजित हड़ताल में फेडरेशन से जुड़े बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल हुए। संगठन की प्रमुख मांग है कि शिक्षकों को पदोन्नति में वरिष्ठता के आधार पर प्राथमिकता दी जाए।
फेडरेशन पदाधिकारियों का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के बाद टीईटी उत्तीर्ण शिक्षकों को योग्यता के आधार पर पदोन्नति में प्राथमिकता दी जा रही है। संगठन इसका विरोध कर रहा है और वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति की व्यवस्था लागू करने की मांग कर रहा है।
अलग से TET परीक्षा कराने की मांग
शिक्षक संगठन ने सरकार के सामने शिक्षकों के लिए अलग से टीईटी परीक्षा आयोजित करने की मांग भी रखी है। फेडरेशन का कहना है कि लंबे समय से शिक्षकों की इन मांगों को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित किया जा रहा है, लेकिन अब तक अपेक्षित निर्णय नहीं हुआ है।
मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी
हड़ताल के दौरान शिक्षकों ने सरकार से उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आने वाले दिनों में आंदोलन को योजनाबद्ध तरीके से और व्यापक किया जाएगा।
फिलहाल शिक्षकों की हड़ताल के चलते स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित हुई है। अब शिक्षकों की मांगों पर सरकार की ओर से क्या निर्णय लिया जाता है, इस पर सभी की नजर है।





