कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। स्टेट हाईवे पर माटोली चौक के पास दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में तत्काल आग लग गई और देखते ही देखते ट्रक धू-धू कर जलने लगे। घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
धधकते रहे दोनों ट्रक
हादसे की सूचना मिलते ही पखांजूर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए दमकल कर्मियों ने लगातार प्रयास किए, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण दोनों ट्रकों से लंबे समय तक धुआं और लपटें उठती रहीं। आग बुझाने में दमकल अमले को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
चालक मौके से फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के तुरंत बाद दोनों ट्रकों के चालक मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। हादसे के बाद स्टेट हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतार लग गई।
राहत की बात, कोई जनहानि नहीं
हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि दोनों ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो गए। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
तेज रफ्तार की आशंका
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।





