कांकेर जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। दो इनामी नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया है। सरेंडर करने वालों की पहचान हिड़मे और शंकर के रूप में हुई है, जिन पर 8-8 लाख रुपए का इनाम घोषित था।
एसपी निखिल राखेचा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों नक्सली एके-47 जैसे घातक हथियार के साथ पुलिस के पास पहुंचे और आत्मसमर्पण किया। उन्होंने मुख्यधारा में लौटने की इच्छा जताई है।
पुलिस अधिकारियों ने आत्मसमर्पण की प्रक्रिया पूरी करते हुए कहा कि दोनों को शासन की पुनर्वास नीति का लाभ दिया जाएगा। खास बात यह है कि सरकार द्वारा नक्सलवाद समाप्ति की निर्धारित समयसीमा के दिन ही यह सरेंडर हुआ है, जिसे सुरक्षा बलों की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, अभी भी कांकेर के जंगलों में करीब 15 नक्सलियों की मौजूदगी बताई जा रही है। इनके खिलाफ सुरक्षा बलों का अभियान लगातार जारी है। पुलिस ने अन्य नक्सलियों से भी आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने की अपील की है और आने वाले समय में और सरेंडर होने की उम्मीद जताई है।





