रायपुर। छत्तीसगढ़ में गहरे अवदाब (डीप डिप्रेशन) के प्रभाव से मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि राजधानी रायपुर में देर रात तक झमाझम बारिश होती रही। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक अधिकांश जिलों में बारिश जारी रहने और एक-दो स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा की संभावना जताई है। हालांकि प्रदेश में अब तक मौसमी वर्षा सामान्य से 18 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में गहरा अवदाब उत्तर तटीय ओडिशा और उससे लगे गंगीय पश्चिम बंगाल के ऊपर बना हुआ है, जो उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। अगले 24 घंटे में इसके उत्तर ओडिशा, दक्षिण झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ तक पहुंचने की संभावना है। वहीं मानसून द्रोणिका अनूपगढ़, पिलानी, हमीरपुर, डाल्टनगंज होते हुए गहरे अवदाब के केंद्र से उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक विस्तृत है, जिससे प्रदेश में व्यापक बारिश की स्थिति बनी हुई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान चांपा में सर्वाधिक 11 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा जांजगीर और अकलतरा में 9-9 सेंटीमीटर, जबकि नगरी, मैनपुर, गुरूर, राधम और पिथौरा में 8-8 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
राजधानी रायपुर में भी बीते 24 घंटों में 5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहावना हो गया। बुधवार को शहर में दिनभर आसमान मेघमय रहने, गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, बेमेतरा और मुंगेली जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा रायपुर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, कबीरधाम, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया, बलरामपुर और उत्तर बस्तर कांकेर सहित कई जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आकाशीय बिजली के समय खुले स्थानों में जाने से बचने की सलाह दी है।





