रायपुर।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर 6 एवं 7 जून 2026 को देशभर के चार्टर्ड अकाउंटेंसी विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, नेतृत्व, नवाचार और व्यक्तित्व विकास का राष्ट्रीय केंद्र बनने जा रही है। सीआईसीएएसए रायपुर द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में “KARTAVYA 2026 – National Conference of CA Students” का भव्य आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से 1000 से अधिक सीए विद्यार्थी और युवा पेशेवरों के शामिल होने की संभावना है।
आईसीएआई के बोर्ड ऑफ स्टडीज़ (ऑपरेशंस) के तत्वावधान में आयोजित यह राष्ट्रीय सम्मेलन “SYNC – Strategy, Youth, Network & Change” थीम पर आधारित है। सम्मेलन का उद्देश्य युवाओं में रणनीतिक सोच, नेतृत्व क्षमता, नवाचार और बदलते वैश्विक परिदृश्य के अनुरूप पेशेवर कौशल का विकास करना है।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू तथा रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा सहित कई विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति प्रस्तावित है। इसके अलावा देशभर के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय वक्ता, प्रसिद्ध सीए फैकल्टी, उद्योग जगत के विशेषज्ञ, कॉर्पोरेट लीडर्स, सफल उद्यमी और प्रेरक व्यक्तित्व विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे।
दो दिवसीय सम्मेलन में नेतृत्व विकास, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, प्रोफेशनल एक्सीलेंस, उद्यमिता, नेटवर्किंग, व्यक्तिगत विकास और भविष्य के करियर अवसरों जैसे समसामयिक विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर संवाद, नेटवर्किंग और अनुभव साझा करने का अवसर भी मिलेगा।
सीआईसीएएसए रायपुर के अध्यक्ष सीए संस्कार अग्रवाल ने कहा कि KARTAVYA 2026 युवा चार्टर्ड अकाउंटेंसी विद्यार्थियों के लिए एक ऐसा मंच है, जहां ज्ञान, अनुभव, नेतृत्व और अवसरों का संगम होगा। उन्होंने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल परीक्षा केंद्रित दृष्टिकोण तक सीमित न रखकर उन्हें जिम्मेदार, नैतिक और दूरदर्शी पेशेवर के रूप में तैयार करना है।
उन्होंने बताया कि यह आयोजन ‘विकसित भारत 2047’ के विजन के अनुरूप युवाओं में नवाचार, नेतृत्व, नैतिकता और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। आयोजकों के अनुसार, KARTAVYA 2026 ज्ञान, प्रेरणा, नेतृत्व और युवा शक्ति का एक ऐतिहासिक उत्सव साबित होगा, जो प्रतिभागियों को व्यावसायिक विकास के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए भी प्रेरित करेगा।





