July 31, 2026

Katghora News: सलिहाभाठा जलाशय में 13 हाथियों की जलक्रीड़ा, धूल स्नान का अनोखा VIDEO वायरल

कटघोरा। छत्तीसगढ़ के कटघोरा वनमंडल से वन्यजीवों का एक बेहद खूबसूरत और रोमांचक नजारा सामने आया है। ऐतमा नगर परिक्षेत्र के सलिहाभाठा जलाशय में 13 हाथियों का दल पानी में अठखेलियां करता नजर आया। भीषण गर्मी और उमस से राहत पाने के लिए हाथियों ने जलाशय में जमकर जलक्रीड़ा की, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

कटघोरा वनमंडल में पिछले काफी समय से करीब 50 हाथियों का बड़ा दल लगातार विचरण कर रहा है। इसी दौरान हाथियों का एक समूह सलिहाभाठा जलाशय पहुंचा, जहां उन्होंने लंबे समय तक पानी में डुबकियां लगाकर गर्मी से राहत पाई।

धूल उड़ाकर किया ‘डस्ट बाथ’

वीडियो में एक और दिलचस्प दृश्य देखने को मिला। जलाशय के किनारे खड़े कुछ विशालकाय हाथी अपनी सूंड़ से सूखी मिट्टी और धूल उड़ाकर अपने शरीर पर डालते नजर आए।

वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, हाथी ‘डस्ट बाथ’ (धूल स्नान) या ‘मड बाथ’ (मिट्टी स्नान) के जरिए अपनी त्वचा को ठंडक पहुंचाते हैं। इससे उन्हें तेज धूप, कीट-पतंगों और मच्छरों से भी सुरक्षा मिलती है।

वन विभाग ने जारी की चेतावनी

नन्हे शावकों सहित पूरे हाथी दल की जलक्रीड़ा को देखने के लिए आसपास के ग्रामीणों में उत्सुकता है। हालांकि वन विभाग ने लोगों से जलाशय के पास नहीं जाने और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।