September 4, 2026

डीजल चोरों पर ट्रेलर चालक का पलटवार, स्कॉर्पियो को मारी जोरदार टक्कर; 6-7 आरोपी फरार

कटघोरा। कोरबा जिले के कटघोरा बाईपास पर डीजल चोर गिरोह का आतंक ट्रक चालकों और मालिकों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। गुरुवार तड़के स्कॉर्पियो सवार 6 से 7 चोरों ने सड़क किनारे खड़े ट्रेलरों से डीजल चोरी करने की कोशिश की। इसी दौरान एक ट्रेलर चालक की नजर चोरों पर पड़ गई। आरोपियों द्वारा धमकाने की कोशिश के बावजूद चालक ने हिम्मत दिखाई और अपना ट्रेलर स्टार्ट कर भाग रही स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी। पूरी घटना पेट्रोल पंप के CCTV कैमरे में कैद हो गई।

ट्रेलरों से डीजल निकाल रहे थे आरोपी

जानकारी के मुताबिक, तड़के स्कॉर्पियो में सवार होकर पहुंचे 6 से 7 आरोपी सड़क किनारे खड़े ट्रेलरों को निशाना बना रहे थे। आरोपी ट्रेलरों से डीजल निकालने में जुटे थे। इसी दौरान एक ट्रेलर चालक की नजर उन पर पड़ गई।

चालक को देखकर आरोपियों ने उसे धमकाने का प्रयास किया। लेकिन चालक डरने के बजाय अपने ट्रेलर में पहुंचा और वाहन स्टार्ट कर दिया।

भाग रहे चोरों की स्कॉर्पियो को मारी टक्कर

ट्रेलर चालक ने भागने की कोशिश कर रहे आरोपियों की स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद आरोपी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

स्कॉर्पियो से डीजल के कंटेनर बरामद

घटना की सूचना चालक ने तत्काल डायल 112 को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से डीजल के कंटेनर भी बरामद हुए हैं।

पुलिस अब पेट्रोल पंप के CCTV फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।

कटघोरा थाना प्रभारी ने कही ये बात

कटघोरा थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि आरोपियों की स्कॉर्पियो जब्त कर ली गई है। CCTV फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि पाली थाना क्षेत्र में भी डीजल चोरी की ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

कटघोरा बाईपास की इस घटना के बाद ट्रक चालकों और मालिकों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।