कटघोरा। कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र में चर्चित राज ज्वेलर्स लूटकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के मास्टरमाइंड विष्णु राठिया को कर्नाटक बॉर्डर के हिंदूपुरम इंडस्ट्रियल एरिया से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी लूट के दौरान महिला का भेष बनाकर वारदात को अंजाम देने वालों में शामिल था। इस मामले में दो अन्य आरोपी पहले ही गिरफ्तार होकर जेल भेजे जा चुके हैं।
पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी विष्णु राठिया कर्नाटक बॉर्डर स्थित हिंदूपुरम इंडस्ट्रियल एरिया में मजदूरी कर रहा था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कोरबा पुलिस की विशेष टीम ने वहां दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया और छत्तीसगढ़ लेकर आई।
1 जुलाई को हुई थी लूट की वारदात
जानकारी के मुताबिक, 1 जुलाई को छुरीकला स्थित राज ज्वेलर्स में तीन बदमाश ग्राहक बनकर पहुंचे थे। तीनों ने गमछे से चेहरा ढंक रखा था, जबकि एक आरोपी महिला के वेश में था। आरोपियों ने चांदी की अंगूठी दिखाने के बहाने दुकानदार को काउंटर तक बुलाया। इसके बाद एक आरोपी ने दुकान का दरवाजा बंद कर दिया, दूसरे ने देसी कट्टा तान दिया और तीसरे ने मिर्च पाउडर डालकर आभूषण लूटने की कोशिश की।
हालांकि, बाहर लोगों की भीड़ जमा होने पर आरोपी घबरा गए और देसी कट्टा तथा चोरी की मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
जेल में बनी थी लूट की साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी गोपाल सिंह गोंड, परदेशी राठिया और विष्णु राठिया पहले हत्या, दुष्कर्म समेत अन्य गंभीर मामलों में जेल की सजा काट चुके हैं। जेल में ही तीनों की दोस्ती हुई थी। रिहाई के बाद उन्होंने ज्वेलरी शॉप लूटने की योजना बनाई और वारदात को अंजाम देने के लिए चोरी की मोटरसाइकिल तथा देसी कट्टे का इस्तेमाल किया।
तीनों आरोपी अब पुलिस गिरफ्त में
इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी गोपाल सिंह और परदेशी राठिया पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं। अब मास्टरमाइंड विष्णु राठिया की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने पूरे गिरोह का खुलासा कर दिया है। पुलिस मामले में आगे की पूछताछ कर रही है।





