September 4, 2026

कटघोरा में भीषण सड़क हादसा, कार-बाइक की आमने-सामने टक्कर में 2 की मौत, 3 घायल

कटघोरा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। पाली थाना क्षेत्र के चैतमा स्थित डिस्पोजल फैक्ट्री के पास तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

टक्कर इतनी जोरदार कि बाइक के उड़े परखच्चे

जानकारी के मुताबिक, बाइक पर तीन लोग सवार थे। चैतमा के पास कार और बाइक के बीच टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दो युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं तीसरे बाइक सवार की हालत गंभीर बताई जा रही है।

कार में भी दो लोग सवार थे, जो हादसे में घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि कार में एक महिला मरीज भी मौजूद थी। कार सवार रायपुर से इलाज कराकर मनेन्द्रगढ़ की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान चैतमा के पास यह हादसा हो गया।

घायलों को मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर

हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके टुकड़े सड़क पर दूर-दूर तक फैल गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस की मदद से घायलों को कटघोरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

मृतकों की पहचान में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही चैतमा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल मृतकों और घायलों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस शवों की पहचान कराने के साथ ही हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।