July 23, 2026

तेज रफ्तार टैंकर की चपेट में स्कूटी, सगे भाई-बहन की मौत; नाबालिग गंभीर

कटघोरा। कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह तेज रफ्तार टैंकर और स्कूटी की टक्कर में दो नाबालिग सगे भाई-बहन की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बांगो-अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित रहा।

जानकारी के अनुसार, कोनकोना बस्ती के गोस्वामी पारा निवासी 13 वर्षीय बूटी गोस्वामी, 12 वर्षीय दशरथ गोस्वामी और एक अन्य नाबालिग विक्की स्कूटी से पोड़ी बस स्टैंड सामान लेने पहुंचे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बूटी और दशरथ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विक्की गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और विरोध स्वरूप बांगो-अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। जाम के कारण यात्री बसों सहित कई वाहन लंबे समय तक फंसे रहे। स्थिति बिगड़ने पर बांगो पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें शांत कराया।

25-25 हजार रुपए की तत्काल सहायता

प्रशासन की ओर से तहसीलदार ने मृतक बच्चों के परिजनों को 25-25 हजार रुपए की तात्कालिक आर्थिक सहायता प्रदान की। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया और पुलिस ने हाईवे पर यातायात बहाल कराया।

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है। वहीं टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हादसे ने एक बार फिर नाबालिगों के वाहन चलाने और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।