कटघोरा। कोरबा जिले में सोशल मीडिया पर भगवान शिव और राम को लेकर कथित अभद्र टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोपी की पहचान नितेश मिरी उर्फ मिंटू मिरी के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अमर्यादित पोस्ट शेयर की, जिसके बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।
जानकारी के मुताबिक, सावन पर्व के दौरान मांस सेवन को लेकर आरोपी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था। इस पोस्ट में भगवान शिव और सनातन देवी-देवताओं को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का आरोप है। मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और भाजपा नेताओं ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
भाजपा नेताओं और स्थानीय लोगों ने की शिकायत
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीना शर्मा, जिला उपाध्यक्ष मनोज डिकसेना समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक कटघोरा थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि सावन जैसे पवित्र महीने में भगवान शिव और सनातन देवी-देवताओं को लेकर इस तरह की टिप्पणी से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
BNS की धारा 299 के तहत मामला दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए कटघोरा थाना पुलिस ने आरोपी नितेश मिरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है। आगे की कार्रवाई जारी है।





