कटघोरा। कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब आंची दादर इलाके में एक सुनसान कमरे के अंदर 24 वर्षीय युवक का शव मिला। शव मिलने की सूचना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
ग्रामीणों ने कमरे में देखा शव
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 24 वर्षीय अभिनय रजक, पिता शंकर रजक के रूप में हुई है। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने आंची दादर क्षेत्र के एक सुनसान कमरे में युवक का शव पड़ा देखा। इसके बाद तत्काल कटघोरा पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
मौत की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं
सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो सका है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत का खुलासा
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी सूचना दी गई है। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।





