कटनी जिले के ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र स्थित इंद्रा कॉलोनी के पास देर रात हुए सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान होरीलाल बघेल (26 वर्ष), निवासी ग्राम मोहतरा देऊर, जिला बेमेतरा (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है। वह पेशे से हार्वेस्टर ऑपरेटर बताया जा रहा है।
हादसा उस समय हुआ जब बाइक और हार्वेस्टर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि होरीलाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक सवार विपिन श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उमरिया पान से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने हार्वेस्टर चालक को पकड़कर डायल 112 पुलिस के हवाले कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में इन दिनों गेहूं कटाई के कारण बाहरी राज्यों से बड़ी संख्या में हार्वेस्टर मशीनें आ रही हैं, जिससे सड़क पर प्रतिस्पर्धा और तेज रफ्तार बढ़ गई है। इसी कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस स्थान पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की है, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके आने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।





