September 4, 2026

कवर्धा में दर्दनाक हादसा: 33KV हाईटेंशन तार की चपेट में आने से युवक की मौत, तीन बेटियों के सिर से उठा पिता का साया

कवर्धा। जिले के बैजलपुर चौकी क्षेत्र में 33KV हाईवोल्टेज बिजली तार की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा ग्राम कामाड़बरी निवासी रामकुमार विश्वकर्मा के साथ हुआ। घटना कोकदावीरान-सिंघारी से पंडातराई रोड के पास की बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, रामकुमार पेड़ पर चढ़कर डाली काट रहा था। इसी दौरान पेड़ का कटा हुआ हिस्सा पास से गुजर रही 33KV बिजली लाइन पर जा गिरा। तार के संपर्क में आते ही रामकुमार करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

परिवार का था इकलौता कमाने वाला

हादसे के बाद परिवार में मातम पसर गया है। बताया जा रहा है कि रामकुमार अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके परिवार में तीन छोटी बेटियां हैं। युवक की मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।

आर्थिक सहायता की मांग

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्च्युरी भेज दिया। वहीं परिजनों ने बिजली विभाग से मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।