July 23, 2026

उपचार के बहाने मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती से दुष्कर्म का आरोप, आयुर्वेदिक डॉक्टर गिरफ्तार

कवर्धा। कबीरधाम जिले के लोहारा थाना क्षेत्र में उपचार के बहाने मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती से कथित दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आयुर्वेदिक चिकित्सक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। महिला संबंधी गंभीर अपराध में पुलिस ने शिकायत दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।

पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी संजय ध्रुव के पर्यवेक्षण में लोहारा पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को पीड़िता के परिजनों ने थाना लोहारा में शिकायत दर्ज कराई कि बिडोरा निवासी आयुर्वेदिक चिकित्सक बालक दास चंदेल ने इलाज के बहाने उनकी मानसिक रूप से अस्वस्थ बेटी के साथ जबरन दुष्कर्म किया।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की। विवेचना के दौरान साक्ष्य जुटाने के बाद 15 जुलाई 2026 को आरोपी बालक दास चंदेल (35 वर्ष), निवासी ढोढमानवापारा को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1) के तहत मामला दर्ज किया है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मनीष मिश्रा, महिला थाना प्रभारी शालिनी वर्मा, उप निरीक्षक राजेश्वर सिंह ठाकुर, सहायक उप निरीक्षक संदीप चौबे, प्रधान आरक्षक बलदाऊ भट्ट तथा आरक्षक रवि जायसवाल, तुषांत साहू और बिसेन छेदावी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कबीरधाम पुलिस ने कहा है कि महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों में आगे भी त्वरित एवं सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।