कवर्धा। जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव में वरिष्ठ अधिवक्ता पोखराज परिहार ने इतिहास रचते हुए सातवीं बार अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की है। अधिवक्ता संघ के 70 साल के इतिहास में यह पहला अवसर है, जब किसी अधिवक्ता को सातवीं बार अध्यक्ष चुना गया है।
कवर्धा बार एसोसिएशन में कुल 180 अधिवक्ता पंजीकृत हैं, जिनमें से 172 ने मतदान किया। अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में पोखराज परिहार और प्रकाश चंद्रवंशी आमने-सामने थे। मतगणना में पोखराज परिहार को 110 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी प्रकाश चंद्रवंशी को 62 मत प्राप्त हुए। इस तरह परिहार ने 48 मतों के बड़े अंतर से जीत हासिल की।
परिणाम घोषित होते ही कोर्ट परिसर में समर्थकों और अधिवक्ताओं ने खुशी जाहिर करते हुए जीत का जश्न मनाया। अधिवक्ता संघ के सदस्यों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को बधाई देकर उनके नेतृत्व पर विश्वास जताया।
जीत के बाद पोखराज परिहार ने कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे बार परिवार की जीत है। उन्होंने बताया कि उनके कार्यकाल की प्राथमिकताओं में जूनियर अधिवक्ताओं के लिए चैंबर निर्माण, स्टाइपेंड व्यवस्था शुरू कराना और बार भवन को डिजिटल स्वरूप देना शामिल है।
उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य कवर्धा बार एसोसिएशन को छत्तीसगढ़ का मॉडल बार बनाना है, ताकि अधिवक्ताओं को बेहतर सुविधाएं और पेशेवर माहौल उपलब्ध कराया जा सके।





