May 14, 2026

NH-30 पर भीषण सड़क हादसा, बस-ट्रक टक्कर में 15 से ज्यादा यात्री घायल

तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर खेत में घुसी, 3-4 की हालत गंभीर

कवर्धा: छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में रायपुर–जबलपुर नेशनल हाईवे-30 पर गुरुवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी एक तेज रफ्तार बस ने ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा घुसी।

इस हादसे में 15 से अधिक यात्री घायल हो गए हैं, जिनमें 3 से 4 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। बस में 60 से ज्यादा यात्री सवार थे, जो जबलपुर से रायपुर की ओर जा रहे थे।

मौके पर मची अफरा-तफरी:
हादसा पोंडी चौकी क्षेत्र के पोंडी बायपास के पास हुआ। टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार सुनाई देने लगी।

रेस्क्यू और राहत कार्य:
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

जांच शुरू: पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है।