रायपुर। छत्तीसगढ़ में वन्यजीवों के अवैध शिकार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कवर्धा परियोजना मंडल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नर चीतल के शिकार के मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
मुखबिर की सूचना पर वन विकास निगम की टीम ने बोड़ला परियोजना परिक्षेत्र के भलपहरी बीट के जंगल में दबिश दी। इस दौरान आरोपी करीब तीन वर्ष के नर चीतल का शिकार कर उसका मांस पकाकर बांटने की तैयारी कर रहे थे। टीम ने मौके से लगभग 500 ग्राम पका हुआ चीतल का मांस, नायलॉन की रस्सी, तीन कुल्हाड़ियां, स्टील के तार, लकड़ी के फंदे और खून से सना थैला जब्त किया।
आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वन मंत्री केदार कश्यप ने वन्यजीव संरक्षण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए अवैध शिकार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही।





